हरिद्वार। सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एजर स्विचगियर कंपनी में काम के दौरान करंट लगने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान ब्रह्मपुरी रावली महदूद निवासी सुरेश के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुरेश कंपनी में काम कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद साथी कर्मचारी उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीडी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक आदेश चौहान भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, कंपनी प्रबंधन की ओर से परिजनों को 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की बात कही गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




















































