500 CCTV कैमरे, बदला हुलिया फिर भी नहीं बच पाए! झबरेड़ा पुलिस ने दो वाहन चोर दबोचे, 19 बाइक बरामद
500 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने खोला गिरोह का राज, दो शातिर चोर गिरफ्तार
हरिद्वार। झबरेड़ा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने करीब 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे। इसके चलते उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। हालांकि, पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की गतिविधियों को ट्रेस कर लिया।
फाजिलपुर चौराहे पर दबोचे गए दोनों आरोपी
17 अगस्त 2026 को ग्राम लाठदेवा शेख, कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र से आस मोहम्मद की हीरो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल संख्या UK17N8438 चोरी हो गई थी। मामले में कोतवाली झबरेड़ा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 6 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने फाजिलपुर चौराहे के पास दो आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 18 और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। कुल मिलाकर पुलिस के कब्जे से 19 चोरी की बाइक बरामद हुई हैं।
हरिद्वार से सहारनपुर तक फैला था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने कई थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद बाइकों में से—
- झबरेड़ा क्षेत्र से 2 बाइक
- नगर हरिद्वार क्षेत्र से 1 बाइक
- रुड़की क्षेत्र से 1 बाइक
- सदर बाजार, सहारनपुर से 1 बाइक
चोरी की गई थी।
अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस संबंधित थाना और जनपदों से जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान पुत्र मुज्जमिल, निवासी तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर हरिद्वार और मोनू पुत्र महेंद्र, निवासी बरशेर सिकंदरपुर, थाना सिरौली, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मोनू वर्तमान में शक्ति विहार, रेलवे स्टेशन के पास, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में किराये पर रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक अरमान के खिलाफ गंगनहर, झबरेड़ा, नगर हरिद्वार, सदर बाजार सहारनपुर और सिविल लाइंस रुड़की में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोनू के खिलाफ भी झबरेड़ा, नगर हरिद्वार, सदर बाजार सहारनपुर और सिविल लाइंस रुड़की में वाहन चोरी से संबंधित मुकदमे सामने आए हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य घटनाओं की जानकारी जुटा रही है। दोनों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






















































