हरिद्वार।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए राजा गार्डन रोड के पास तालाब के निकट जमालपुर क्षेत्र में बड़ी ध्वस्तीकरण मुहिम चलाई। सूरज सैनी द्वारा लगभग 8 से 10 बीघा भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति के की जा रही अवैध प्लॉटिंग को प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की उपस्थिति में जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्थल पर मौजूद अनधिकृत निर्माणकर्ता को सख्त निर्देश दिए गए कि बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए आगे कोई भी निर्माण कार्य न किया जाए, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति के निर्माण शहर की नियोजन व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयों को जारी रखा जाएगा। यह कार्रवाई हरिद्वार-रुड़की क्षेत्र में अवैध निर्माण पर प्राधिकरण के सख्त रुख को दर्शाती है।




















































