Uncategorized

ज्वालापुर पुलिस की बड़ी सफलता: अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, 10 चोरी के वाहन बरामद

हरिद्वार।
 ज्वालापुर पुलिस ने अपनी तत्परता और सतर्कता से एक अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोरी करने वाले शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन (8 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी) सफलतापूर्वक बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार बीती 5 मार्च को इमलीखेड़ा निवासी शुभम कुमार ने कोतवाली ज्वालापुर में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जो ऊंचा पुल ज्वालापुर के पास से गायब हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया और संदिग्धों की तलाश में लगातार चेकिंग अभियान चलाया।
गत दिवस नहर पटरी रेगुलेटर पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने ज्वालापुर क्षेत्र से बाइक चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस की सख्त पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुरानी कांवड़ पटरी के पास एक खंडहर से बाकी 8 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोसिन (पुत्र जान आलम) और गुल्सान (पुत्र बलीन) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम गाडोवाली, थाना पथरी, जिला हरिद्वार के निवासी हैं। मोसिन राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि गुल्सान ई-रिक्शा मैकेनिक है। दोनों कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में माहिर बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न इलाकों (पटेलनगर, डोईवाला, नेहरू कॉलोनी, राजपुर थाना क्षेत्र आदि) से वाहन चोरी कर उन्हें नहर पटरी किनारे खंडहर में छिपाकर रखते थे। बरामद कई वाहन देहरादून के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है और गैंग के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *