हरिद्वार। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े में पंजाब से आए श्री पंचायती नया बड़ा उदासीन अखाड़े के संतों ने मां माया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज और महामंत्री हरिगिरि महाराज को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। संतों का आरोप है कि कुछ लोग फर्जी तरीके से अखाड़े की संपत्ति पर कब्जा करने और उसे खुर्द-बुर्द करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि इसी वजह से अखाड़ा अपने नियमित धार्मिक कार्यों के साथ-साथ अर्धकुंभ और महाकुंभ जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में शाही स्नान तक नहीं कर पा रहा है, जबकि कथित तौर पर कुछ लोग फर्जी तरीके से इन आयोजनों का लाभ उठा रहे हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज ने संतों को भरोसा दिलाया कि परिषद पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के विधि विशेषज्ञों से सलाह लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।

















































