आदि शंकराचार्य की प्रतिमा गंगा तट पर होगी भव्य रूप से स्थापित
हरिद्वार।
शहर के प्रमुख शंकराचार्य चौक का अब पूरा स्वरूप बदलने जा रहा है। चौराहे के मध्य स्थित जगतगुरु आदि शंकराचार्य जी की प्रतिमा को गंगा तट पर भव्य और दिव्य रूप में स्थापित किया जाएगा। इसकी तैयारी के तहत रविवार को विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हो गया।
शंकराचार्य चौक से छह प्रमुख मार्ग विभिन्न दिशाओं में निकलते हैं। चौराहे के बीच में स्थापित प्रतिमा और ऊपर से दिल्ली-देहरादून फ्लाईओवर बनने के बाद यहां यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने प्रतिमा को स्थानांतरित करने और पूरे चौक के सौंदर्यीकरण का फैसला लिया है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज, महानिर्वाणी अखाड़ा के सचिव रवींद्र पुरी महाराज सहित कई अखाड़ों के महामंडलेश्वर और संत-महात्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी शामिल हुए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह, उद्यान अधिकारी आशाराम जोशी, सहायक अभियंता वर्षा, पार्षद अनुज कुमार सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर हरिद्वार रूरकी विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह ने बताया यह पूरा कार्य संत समाज के आशीर्वाद और माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष के मार्गदर्शन में चौक का आधुनिक, आकर्षक और व्यवस्थित विकास किया जाएगा। परियोजना के पूरा होने के बाद शंकराचार्य चौक न केवल अधिक सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देगा, बल्कि यातायात भी सुचारु रूप से चलेगा। इससे आमजनता और श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।



















































