आईआरसीटीसी ने भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाने की घोषणा, सात ज्योतिर्लिंग व दक्षिण भारत यात्रा का मिलेगा अवसर
हरिद्वार।
आईआरसीटीसी ने अगले महीने योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से दो भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। पहली ट्रेन 12 से 23 जून तक श्रद्धालुओं को सात ज्योतिर्लिंगों की यात्रा कराएगी, जबकि दूसरी ट्रेन 29 जून से 10 जुलाई तक दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराएगी। यात्री अपनी सुविधा अनुसार योगनगरी ऋषिकेश, हरिद्वार सहित कई स्टेशनों से ट्रेन में सवार हो सकेंगे।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए आईआरसीटीसी के ज्वाइंट जनरल मैनेजर वी.एन. शुक्ला ने बताया कि 12 जून को योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से शुरू होने वाली भारत गौरव पर्यटक ट्रेन श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराएगी।
उन्होंने बताया कि 11 रात और 12 दिन के इस टूर के लिए आईआरसीटीसी ने प्रति व्यक्ति स्लीपर क्लास पैकेज 24,100 रुपये निर्धारित किया है। पैकेज में कन्फर्म ट्रेन टिकट, भोजन और ठहरने की सुविधा शामिल रहेगी। वहीं थर्ड एसी के लिए 40,890 रुपये और सेकेंड एसी के लिए 54,390 रुपये शुल्क तय किया गया है। यात्रियों को ईएमआई सुविधा का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
वी.एन. शुक्ला ने बताया कि 29 जून से 10 जुलाई तक संचालित होने वाली दूसरी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे मीनाक्षी मंदिर मदुरै, तिरुपति बालाजी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराएगी।
दक्षिण भारत यात्रा के इस पैकेज के लिए प्रति व्यक्ति स्लीपर क्लास का किराया 24,350 रुपये, थर्ड एसी का 41,800 रुपये और सेकेंड एसी का 55,750 रुपये निर्धारित किया गया है। पैकेज में ट्रेन यात्रा, ठहरने की व्यवस्था, शाकाहारी भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए बस सुविधा शामिल रहेगी।
पत्रकार वार्ता में सहायक पर्यटन प्रबंध अधिकारी नवीन गोयल तथा आईआरसीटीसी के स्टेशन अधिकारी अमित कुमार राणा भी मौजूद रहे।


















































