कलियर। घर से अचानक लापता हुई 10 वर्षीय मासूम बेटी की तलाश में रातभर परेशान रहे परिजनों के चेहरे पर उस समय खुशी लौट आई, जब हरिद्वार पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। ऑपरेशन स्माइल के तहत कलियर पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से परिवार को बड़ी राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर की देर रात मुकर्रबपुर निवासी हारुन पुत्र मुख्तियार अहमद ने कोतवाली कलियर पहुंचकर अपनी 10 वर्षीय पुत्री के अचानक घर से लापता होने की सूचना दी। परिजनों ने बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर तलाश अभियान शुरू किया। दरगाह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लाउडस्पीकर से प्रचार कराया गया। इसके साथ ही बच्ची की फोटो के आधार पर दरगाह क्षेत्र, इमली रोड, धनोरी रोड और सोहलपुर रोड के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
पुलिस की लगातार तलाश के दौरान सुबह बच्ची बेड़पुर के पास अकेली घूमती हुई मिल गई। पुलिस टीम ने उसे सकुशल संरक्षण में लेकर कोतवाली पहुंचाया और चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक पूछताछ की। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर बालिका को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
लंबी चिंता के बाद बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सुबोध कुमार, कांस्टेबल प्रकाश मनराल शामिल रहे।

























































