सिडकुल के उद्यमियों ने यूपीसीएल के मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन, स्मार्ट मीटर की समस्याओं के समाधान की मांग
हरिद्वार।
सिडकुल की विभिन्न इकाइयों के उद्यमियों के प्रतिनिधिमंडल ने लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों के नेतृत्व में यूपीसीएल के मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट बिजली मीटरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
मुख्य अभियंता के रोशनाबाद स्थित कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के दौरान उद्यमियों ने स्मार्ट मीटरों में लगातार आ रही तकनीकी खराबी, गलत रीडिंग, अत्यधिक बिजली बिल तथा बिना सूचना विद्युत आपूर्ति बाधित किए जाने जैसी समस्याओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के कारण औद्योगिक इकाइयों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए जल्द समाधान किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री रोहित भाटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित त्यागी, जिला अध्यक्ष मनोज पुंडीर तथा जिला महामंत्री निखिल गोयल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
यूपीसीएल के मुख्य अभियंता शेखरचंद्र त्रिपाठी ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

















































