Uncategorized

गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत निकली विशाल यात्रा, प्रधानमंत्री सहित राष्ट्रपति-राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन

 

हरिद्वार।

संपूर्ण भारत में संचालित “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के प्रथम चरण के अंतर्गत रविवार को हरिद्वार में गौ भक्त संत समाज एवं जागरूक नागरिकों द्वारा भगत सिंह चौक से एक विशाल यात्रा निकाली गई। यह अभियान वेद लक्ष्मण गौ माता के प्रधान संरक्षण एवं नंदी बाबा की प्रेरणा से संचालित किया जा रहा है।

यात्रा के उपरांत नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार के माध्यम से प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को चार महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे गए ज्ञापन में पूरे भारत में “अखिल वेद लक्षण गौ माता” एवं समस्त देशी गोवंश की विधिवत सेवा, पूर्ण सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय कानून बनाने की मांग की गई। साथ ही “गोपालन मंत्रालय” की स्थापना तथा देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई गई।

महामहिम राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 48 एवं 51A(g) की भावना के अनुरूप अखिल भारतीय वेद लक्षण गोवंश को “राष्ट्र माता, राष्ट्र आराध्या” का संवैधानिक दर्जा देने, केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय की स्थापना तथा एकीकृत केंद्रीय कानून निर्माण का अनुरोध किया गया।

राज्यपाल उत्तराखंड से मांग की गई कि राज्य में अखिल वेद लक्ष्मण गौ माता एवं समस्त देसी गोवंश की विधिवत सेवा और पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, इन्हें “राज्य माता” घोषित किया जाए तथा “राष्ट्र माता” के सम्मान हेतु केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजी जाए। साथ ही गौ-आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग भी रखी गई।

मुख्यमंत्री उत्तराखंड से गोवंश के संरक्षण-संवर्धन और गौ वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कठोर कानून बनाने की प्रार्थना की गई।

तहसील ज्वालापुर के नागरिकों द्वारा 15,963 हस्ताक्षरों युक्त ज्ञापन भी सौंपा गया। कार्यक्रम में लगभग 2000 लोगों की भीड़ शामिल रही, जिसमें मातृशक्ति, साधु-संत तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

अभियान में साधु-संतों को शहरवासियों और संत समाज का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *