हरिद्वार।
शुक्रवार से शहर की सरकार अस्तित्व में आ गयी। ऋषिकुल मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जिलाधिकारी कर्मेंन्द्र सिंह ने नवनिर्वाचित मेयर किरण जैसल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद मेयर किरण जैसल ने सभी 6 पार्षदों को शपथ दिलायी। दौरान नगर विधायक मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, मुख्य नगर आयुक्त वरूण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास तिवारी, मेयर पति सुभाष चंद्र, रवि जैसल, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, वरूण बालियान, भाजपा नेता तरूण नैय्यर सहित भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता तथा पार्षदों के प्रतिनिधि व उनके समर्थक मौजूद रहे। शपथ ग्रहण करने के बाद मेयर किरण जैसल ने मायादेवी मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद नगर निगम पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। मेयर किरण जैसल ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था, घाटों की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे लगाने, जलभराव की समस्या का समाधान और नगर निगम की भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने मेयर व पार्षदों को शुभकामनाएं दी और कहा कि शपथ ग्रहण के बाद नगर निगम बोर्ड अस्तित्व में आ गया है और विधिवत रूप से शहर के हित में कार्य करेगा।