Uncategorized

निगम के अतिक्रमण विरोधी अभियान से मुक्त हुए गंगा घाट

लगातार पाँचवें दिन नगर निगम का सख्त अतिक्रमण विरोधी अभियान, 30 से अधिक कब्जे और 20 ठेलियाँ हटाईं

हरिद्वार।

चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच हरिद्वार नगर निगम ने गंगा घाटों को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी हरिद्वार और नगर आयुक्त के निर्देश पर आज लगातार पाँचवें दिन भी नगर निगम की टीम ने सघन कार्रवाई की।

अभियान के दौरान अलकनंदा घाट, बिरला घाट, विष्णु घाट, हाथी पुल और सुभाष घाट क्षेत्रों में विशेष फोकस रखते हुए 30 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए। साथ ही 20 से अधिक अवैध ठेलियों को हटाकर नष्ट कर दिया गया।

टीम ने प्लास्टिक प्रदूषण पर भी सख्ती दिखाई। इस दौरान तीन ट्रॉली प्लास्टिक कैन जब्त किए गए, जबकि 200 से अधिक प्लास्टिक कैन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई से गंगा घाटों की स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखने में मदद मिलेगी।

कार्रवाई की अगुवाई उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने की। उनके साथ मुख्य सफाई रक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर और नगर निगम की पूरी टीम मौजूद रही।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह अभियान चारधाम यात्रा और आगामी धार्मिक आयोजनों को देखते हुए घाटों को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नगर निगम आयुक्त का कहना है “स्वच्छ और सुंदर हरिद्वार हमारा लक्ष्य है। कोई भी अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

 

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *