हरिद्वार।
हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए ज्वालापुर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर चल रहे व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस बल की उपस्थिति में की गई, जिससे स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्वालापुर में पीएसी गेट के सामने टिहरी विस्थापितों के क्षेत्र में श्री राजकुमार द्वारा लगभग 20 फीट × 50 फीट के क्षेत्रफल में भूतल और प्रथम तल पर अनधिकृत व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। इसी तरह, रेलवे फाटक से पहले चंदवानी फर्नीचर के समीप श्रीमती मेघा अरोड़ा द्वारा लगभग 25 फीट × 50 फीट के क्षेत्र में भूतल एवं प्रथम तल पर व्यावसायिक निर्माण चल रहा था।
प्राधिकरण की टीम ने दोनों स्थलों पर पहुंचकर निर्माण कार्य को तत्काल सील कर दिया। स्थल पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए आगे कोई भी निर्माण कार्य नहीं किया जाए। उल्लंघन की स्थिति में सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
एचआरडीए द्वारा हाल के महीनों में ज्वालापुर, सिडकुल, शिवालिक नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में ऐसी कई कार्रवाइयां की जा चुकी हैं, जो अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ निरंतर मॉनिटरिंग और शिकायतों पर आधारित हैं। प्राधिकरण का कहना है कि शहर के नियोजित विकास और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान जारी रहेगा।
















































