Uncategorized

नाले में बही 6 वर्षीय बच्ची का शव 30 घंटे बाद बरामद

सर्च अभियान के दौरान रानीपुर क्षेत्र में मिला शव, परिजनों ने की शिनाख्त

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में नाले में बही छह वर्षीय बच्ची का शव करीब 30 घंटे चले सर्च अभियान के बाद रानीपुर क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। बच्ची की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार बीती 7 सितंबर को थाना सिडकुल पुलिस को सूचना मिली थी कि रावली महदूद क्षेत्र में दो बच्चियां नाले में बह गई हैं। इनमें से सात वर्षीय हिमानी पुत्री सोहनपाल, निवासी ग्राम फरीदपुर, थाना कीरतपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश को सुरक्षित बचा लिया गया था।

वहीं दूसरी बच्ची छह वर्षीय विधिका पुत्री गौतम, निवासी ग्राम फरीदपुर, थाना कीरतपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी मनोज ठेकेदार का मकान, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार, नाले के तेज बहाव में बह गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस लगातार नाले और आसपास के क्षेत्रों में बच्ची की तलाश कर रही थी।

8 सितंबर 2026 को सर्च अभियान के दौरान बच्ची का शव रानीपुर थाना क्षेत्र में बरामद हुआ। परिजनों ने शव की शिनाख्त विधिका के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *