हरिद्वार।
मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को जनपदभर में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार में सरकारी भूमि, सड़कों, फुटपाथों एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में अवैध कब्जे हटाए।
नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने हरिद्वार शहर में ललतारो पुल से अपर रोड तक विशेष अभियान चलाकर मार्ग एवं नालियों के ऊपर किए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया। अभियान के दौरान कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस प्रशासन के सहयोग से अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में नालियों, सड़कों या उनकी सीमा से बाहर किसी भी प्रकार की सामग्री रखे जाने पर उसे तत्काल जब्त किया जाएगा तथा बार-बार अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान के दौरान हरगिरी, योगेश मेहरा, दीपक गोस्वामी सहित नगर निगम एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।















































