ड्रग इंस्पेक्टर पर रिश्वत मांगने का लगाया आरोप, अधिकारी ने साजिश बताया, कही कारवाही की बात
हरिद्वार।
फार्मा क्षेत्र से जुड़े कारोबारी रमेश मैठाणी ने ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती पर लाइसेंस जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूरे मामले के सबूत पेश करते हुए प्रशासन से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
रमेश मैठाणी ने बताया कि वर्ष 2025 में उन्होंने अपनी मार्केटिंग एजेंसी के लिए ड्रग लाइसेंस प्राप्त करने हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि इस दौरान ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने लाइसेंस जारी करने के एवज में उनसे पैसे की मांग की और कथित रूप से एक अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करवाई गई। मैठाणी ने इस संबंध में दस्तावेजी सबूत भी प्रस्तुत किए।
दूसरी ओर, ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने प्रेस बयान जारी कर इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि यह आरोप उनके कार्यकाल और छवि को धूमिल करने की साजिश हो सकती है। अनीता भारती ने दावा किया कि वे जल्द ही इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगी और दोषियों के खिलाफ उचित कदम उठाएंगी।
यह मामला हरिद्वार के फार्मा व्यवसायियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच विवाद का विषय बन गया है। दोनों पक्षों के बयानों के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन की ओर से अभी तक इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।




















































