हरिद्वार।
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान ने देर शाम हाल ही में हिमेजी (जापान) में सम्पन्न हुई एशियन अफ्रीकन पैसिफिक ओपेन बैंचप्रैस चैम्पियनशिप से दो रजत पदक जीत कर वापस लौटी हरिद्वार की बेटी व अन्तर्राष्ट्रीय पावर लिफ्टर संगीता राणा के टिहरी विस्थापित कालोनी में स्थित निवास पर पहुंच कर उन्हें उनकी दोहरी सफलता पर बधाई दी तथा पुष्पगुच्छ भेंटकर तथा चुनरी ओढाकर कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान नेकहा कि निश्चित ही संगीता राणा ने अपनी संकल्प शक्ति व कठोर परिश्रम से अपने आप को साबित किया है, जिससे हम सभी गौरवान्वित हैं। केन्द्र व राज्य सरकारें खेल और खिलाडियों के लिये संकल्पित है। अभी हाल ही में सरकार ने राष्ट्रीय खेल नीति को मंजूरी दी है। संगीता राणा की आर्थिक सहायता के लिये भी हर सम्भव प्रयास करेंगे। इस दौरान 69 किलोग्राम वजन वर्ग में लगातार तीन बार स्ट्रांग वुमैन के टाइटिल के साथ नेशनल चैम्पियनशिप के अलावा सैंट पीटर्सबर्ग (रूस) की विश्व चैम्पियनशिप में तीन, अलमाटी (कजाकिस्तान) के विश्व कप में दो, देहरादून की एशियाई चैम्पियनशिप में ओवर आल ट्राफी के साथ दो तथा नोएडा की आेपन चैंपियनशिप के एक स्वर्ण पदक जीत चुकीं संगीता ने बताया कि एक प्राइवेट जॉब करने वाले किसी भी व्यक्ति के लिये अन्तर्राष्ट्रीय पावर लिफ्टर सहित तीन खिलाडियों के परिवार की जरूरत पूरी करना सम्भव नहीं है। उल्लेखनीय है कि इस वक्त संगीता अगले माह के आरम्भ में केरल के कोझीकोड में होने वाली नेशनल चैम्पियनशिप के लिये तैयारी कर रही हैं, जिसके आधार पर राष्ट्रमंडल पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप के लिये खिलाडियों का चयन किया जाना है। इस अवसर पर पार्षद पति चंद्रभान सिंह, पार्षद अशोक मेहता, अरुण कुमार पाठक, मुकेश राणा, एडवोकेट पंकज शर्मा तथा एडवोकेट विवेक वर्मा आदेश पुण्डीर आदि उपस्थित रहे।




















































