हरिद्वार।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, प्रदेश सचिव सुनीता सिंह व वरिष्ठ कांग्रेस नेता तेलूराम प्रधान ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी पेश की है। ज्वालापुर स्थित कांग्रेस प्रदेश सचिव सुनीता सिंह के आवास पर आयोजित कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह एवं सुनीता सिंह ने कहा कि चुनाव में दावेदारी करने का अधिकार सभी को है। अंतिम निर्णय संगठन और आलाकमान को लेना है। संगठन जिसे भी प्रत्याशी बनाएगा सभी उसके साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार नहीं होने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कार्य नहीं हो रहे हैं। भाजपा विधायक अधिकारियों के साथ मारपीट कर रहे हैं। जनता इस सरकार से परेशान है और बदलाव चाहती है। अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि भाजपा जनता को गुमराह कर वोट हासिल करती है। हर चुनाव में बाहरी लोगों को वोटर बनाया जाता है। स्थानीय वोटर का नाम सूची से गायब किया जाता है। जनता तक आवाज़ पहुंचानी होगी। तेलूराम प्रधान व अशोक धींगान ने कहा कि सभी एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे। पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ माहौल बना हुआ है। जनता इस बार कांग्रेस की सरकार चाहती है। बैठक में कैलाश प्रधान, जगपाल सिंह, पार्षद सुनील कुमार, निशा शर्मा, अंकित चौहान, दिव्यांश अग्रवाल, सुनील कश्यप, सुरेंद्र ठाकुर, विकास कुमार, जयपाल सिंह, सत्यपाल शास्त्री, अमनदीप सिंह, पूजा, नेहा सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
















































