Uncategorized

रफ्तार का कहर, फ्लाई ओवर पर चार वाहन स्वाहा, दो की मौत कई घायल

हरिद्वार।

देहरादून मोतीचूर फ्लाईओवर के पास चार वाहनों की जोरदार टक्कर के बाद कई वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

रविवार देर रात फ्लाईओवर पर तेज गति से आ रहे चार वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के तुरंत बाद एक वाहन में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में एक ट्रक, एक डंपर, एक एसयूवी कार और एक रोडवेज बस आपस में टकराए थे। टक्कर के बाद एसयूवी कार का सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।आग लगने के बाद घटनास्थल पर मौजूद उत्तराखंड रोडवेज की एक बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी सहम गए।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जबकि रायवाला से आने वाली दमकल की टीम को भारी जाम के कारण मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हादसे के बाद देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *