हिंदू युवतियों के साथ घाट पर बैठे मुस्लिम युवक के काटे बाल, वीडियो किया वायरल, मुकदमा दर्ज
हरिद्वार।
कोतवाली नगर में गंगा घाट पर दो हिंदू युवतियों के साथ बैठे मुस्लिम युवक को कुछ युवकों ने घेर लिया। युवतियों के साथ मिलने पर युवकों का पारा चढ़ गया। युवक के साथ अभद्र व्यवहार कर नाई को बुलाकर सिर के बाल कटवा दिए। घटना वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरु कर दी है।
कोतवाली नगर स्थित विष्णु घाट पर गंगा किनारे एक युवक दो युवतियों के साथ बैठा हुआ था। युवक की हरकतों को देख कर घाट पर मौजूद युवकों ने एतराज जताया। युवक का परिचय मांगने के बाद उसका आधार कार्ड देखा तो वह मुस्लिम निकला। दोनों युवतियां हिंदू थी। युवकों नेे मामला लव जिहाद से जोड़ते हुए युवक के साथ अभद्रता करनी शुरु कर दी। युवक के साथ आयी युवतियां इस बात का विरोध कर रही थी। युवकों ने मुस्लिम युवक को गंगा घाट पर जबरन बैठा लिया और नाई को बुलाकर उसका सिर मुंडवा दिया। पूरे घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने गंभीरता से लेते हुए नगर कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले की जांच कर पीडि़त महफूज निवासी काशीपुर उधमसिंह नगर के साथ बलपूर्वक अभद्रता करने वाले युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।




















































